इग्नू में प्रवेश की अंतिम तिथि 13 अक्टूबर, इच्छुक विद्यार्थी शीघ्र करें आवेदन

0
IMG-20261001-WA0051

पुखरायां, कानपुर देहात। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) में जुलाई 2026 सत्र के विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना सामने आई है। रामस्वरूप ग्राम उद्योग परास्नातक महाविद्यालय पुखरायां, कानपुर देहात अध्ययन केंद्र 27211 के समन्वयक डॉ. पर्वत सिंह ने बताया कि इग्नू में प्रवेश की अंतिम तिथि 13 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। उन्होंने इच्छुक विद्यार्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की अपील की।

डॉ. पर्वत सिंह ने बताया कि इग्नू क्षेत्रीय केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक एवं प्रमुख डॉ. अनिल कुमार मिश्रा द्वारा प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से प्रवेश संबंधी जानकारी साझा की गई है। इग्नू द्वारा विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए लचीली एवं सुविधाजनक अध्ययन व्यवस्था उपलब्ध कराई जाती है। विश्वविद्यालय में स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा, स्नातकोत्तर डिप्लोमा तथा विभिन्न अन्य पाठ्यक्रम संचालित किए जाते हैं। इग्नू के आधिकारिक विवरण के अनुसार इसके कार्यक्रम मानविकी, सामाजिक विज्ञान, विज्ञान, वाणिज्य, प्रबंधन, कंप्यूटर एप्लीकेशन, शिक्षा, सामाजिक कार्य, पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान, पर्यटन, भाषाओं सहित अनेक क्षेत्रों में उपलब्ध हैं।

उन्होंने बताया कि इग्नू की अध्ययन प्रणाली उन विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से उपयोगी है, जो नियमित रूप से महाविद्यालय जाकर शिक्षा प्राप्त करने में असमर्थ हैं। नौकरीपेशा, ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी, गृहिणियां तथा अन्य व्यस्तता वाले शिक्षार्थी भी अपनी सुविधानुसार अध्ययन करते हुए उच्च शिक्षा जारी रख सकते हैं।

इस अवसर पर डॉ. अनामिका सिन्हा ने विद्यार्थियों को इग्नू की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विद्यार्थी ऑनलाइन प्रवेश पोर्टल पर पंजीकरण कर अपने इच्छित पाठ्यक्रम, क्षेत्रीय केंद्र एवं अध्ययन केंद्र का चयन कर सकते हैं। इसके बाद व्यक्तिगत एवं शैक्षिक विवरण भरकर आवश्यक दस्तावेज अपलोड तथा निर्धारित शुल्क का ऑनलाइन भुगतान किया जा सकता है। साथ ही कहा कि प्रमाण पत्र एवं सेमेस्टर आधारित कोर्स को छोड़कर अन्य कोर्स के लिए प्रवेश के अंतिम तिथि प्रस्तावित की गई है।

डॉ. सिन्हा ने विद्यार्थियों को सलाह दी कि प्रवेश लेने से पूर्व संबंधित पाठ्यक्रम की पात्रता, शुल्क, उपलब्धता एवं अन्य आवश्यक शर्तों की जानकारी आधिकारिक पोर्टल पर अवश्य देख लें। इग्नू के आधिकारिक पोर्टल पर ODL तथा Online Programme के लिए अलग-अलग प्रवेश सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिसको इग्नू की वेबसाइट http://ignou.ac.in माध्यम से देख सकते हैं।

डॉ. पर्वत सिंह ने कहा कि इग्नू के माध्यम से विद्यार्थी अपनी शिक्षा को बीच में रोके बिना आगे बढ़ा सकते हैं। उन्होंने क्षेत्र के युवाओं एवं अन्य इच्छुक शिक्षार्थियों से इस अवसर का लाभ उठाते हुए समय से प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने का आह्वान किया।

अध्ययन केंद्र 27211 द्वारा विद्यार्थियों को प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक मार्गदर्शन एवं जानकारी उपलब्ध कराने की बात भी कही गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अन्य ख़बरें