पुखरायां में इग्नू का परिचय सत्र, नवप्रवेशित विद्यार्थियों को मिला जरूरी मार्गदर्शन

0
IMG-20261008-WA0024

पुखरायां कानपुर देहात कस्बा स्थित रामस्वरूप ग्राम उद्योग परास्नातक महाविद्यालय पुखरायां कानपुर देहात में संचालित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को वेबसाइट, असाइनमेंट, परीक्षा फॉर्म एवं स्टूडेंट सपोर्ट सिस्टम की दी गई विस्तृत जानकारी।

 

इग्नू के जुलाई 2026 सत्र में प्रवेश लेने वाले नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए परिचय एवं विद्यार्थी मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन गूगल मीट के माध्यम से किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को इग्नू की अध्ययन प्रणाली, ऑनलाइन सेवाओं, असाइनमेंट, परीक्षा प्रक्रिया, स्टूडेंट सपोर्ट सिस्टम तथा नवाचार एवं स्टार्टअप के अवसरों से परिचित कराना रहा।

 

कार्यक्रम की अध्यक्षता इग्नू क्षेत्रीय केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक एवं प्रमुख डॉ. अनिल कुमार मिश्रा ने की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने कहा कि इग्नू का मूल उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को समान एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इग्नू शिक्षा के माध्यम से समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ने तथा उसे आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने विद्यार्थियों से इग्नू की विभिन्न शैक्षणिक एवं डिजिटल सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।

 

कार्यक्रम का संचालन क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अनामिका सिन्हा ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को इग्नू की वेबसाइट के उपयोग की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विद्यार्थी इग्नू की वेबसाइट के माध्यम से प्रवेश से संबंधित जानकारी, पाठ्यक्रम, अध्ययन सामग्री, परीक्षा, परिणाम, असाइनमेंट तथा अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएं प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यमों का प्रभावी ढंग से उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

क्षेत्रीय निदेशक डॉ. रीना कुमारी ने विद्यार्थियों को असाइनमेंट सबमिशन, परीक्षा फॉर्म भरने एवं जमा करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को इग्नू के आधिकारिक यूट्यूब चैनल सहित विभिन्न डिजिटल माध्यमों के उपयोग की जानकारी देते हुए कहा कि विद्यार्थी समय-समय पर उपलब्ध कराई जाने वाली शैक्षणिक एवं मार्गदर्शी सामग्री का लाभ उठाएं।

क्षेत्रीय निदेशक डॉ. जयप्रकाश वर्मा ने इग्नू के स्टूडेंट सपोर्ट सिस्टम पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों की शैक्षणिक यात्रा में सहायता प्रदान करने वाली विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों के भीतर आने वाले नए विचारों को नवाचार का रूप देने और उन्हें स्टार्टअप के माध्यम से आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को केवल डिग्री प्राप्त करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपने ज्ञान और विचारों को रोजगार एवं उद्यमिता के अवसरों में परिवर्तित करने का प्रयास करना चाहिए।

कार्यक्रम में सहायक कुलसचिव डॉ. निशीथ नागर ने भी विद्यार्थियों को नवाचार, नए विचारों तथा उनके व्यावहारिक उपयोग के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को रचनात्मक सोच विकसित करने तथा अपने विचारों को समाजोपयोगी एवं रोजगारपरक दिशा में आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने इग्नू की अध्ययन प्रणाली एवं ऑनलाइन सेवाओं से संबंधित विभिन्न जानकारियां प्राप्त कीं। वक्ताओं द्वारा विद्यार्थियों को यह भी समझाया गया कि इग्नू की सुविधाओं का सही उपयोग करके वे अपनी शिक्षा को अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बना सकते हैं।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. पर्वत सिंह ने सभी अतिथियों, क्षेत्रीय केंद्र के अधिकारियों, विभिन्न अध्ययन केंद्रों के समन्वयकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के परिचय एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी हैं, क्योंकि इनके माध्यम से विद्यार्थियों को इग्नू की शैक्षणिक एवं डिजिटल व्यवस्था को समझने में सहायता मिलती है।

गूगल मीट के माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम में इग्नू क्षेत्रीय केंद्र लखनऊ से जुड़े विभिन्न अध्ययन केंद्रों के समन्वयक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को इग्नू की अध्ययन प्रणाली एवं उपलब्ध सुविधाओं से परिचित कराने के साथ-साथ उन्हें नवाचार, स्टार्टअप एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अन्य ख़बरें