श्री गौर कृष्ण धाम में धूमधाम से मनाया गया राधा जन्मोत्सव

राधा जन्मोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ श्री गौर कृष्ण धाम के संरक्षक श्रीप्रकाश द्विवेदी ने विधिवत पूजन-अर्चन कर किया। इसके पश्चात मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालु भक्तिभाव में सराबोर होकर राधे-राधे का संकीर्तन करते नजर आए। पूरे धाम का वातावरण भक्तिमय हो गया और श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ राधारानी के जन्मोत्सव की खुशियां मनाईं।


इस अवसर पर श्रद्धालुओं द्वारा प्रस्तुत किए गए भजनों ने वातावरण को और अधिक आध्यात्मिक बना दिया—
“राधे राधे जपो चले आएंगे बिहारी,
राधा नाम की महिमा सबसे न्यारी।”
“बरसाने वाली राधे, तेरी जय हो,
श्री राधे रानी की सदा जय हो।”
“राधे-राधे बोल, श्याम मिलेंगे,
प्रेम से राधा नाम तू ले।”
भजन-कीर्तन के दौरान श्रद्धालुओं ने तालियों और मंजीरों के साथ संकीर्तन किया। महिलाओं एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक राधारानी के जन्मोत्सव में सहभागिता की। कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने राधा अष्टमी के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राधारानी का जीवन प्रेम, भक्ति, त्याग और समर्पण का संदेश देता है।

कार्यक्रम के अंत में राधारानी की आरती एवं प्रसाद वितरण किया गया। श्रद्धालुओं ने श्री राधा-कृष्ण के दर्शन कर सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। आयोजन के दौरान श्री गौर कृष्ण धाम में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।

इस अवसर पर शैलेंद्र द्विवेदी ,अर्पित द्विवेदी, राजेश मिश्रा, मोहित द्विवेदी, विकास द्विवेदी, यशपाल, सीताराम पाल, मयंक मिश्रा, बृजेंद्र पाल आदि ने श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया
