उत्तर प्रदेश के जनपद शामली में पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने स्मैक तस्करी के एक अनोखे और हाई-टेक तरीके का किया खुलासा

0

उत्तर प्रदेश के जनपद शामली में पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने स्मैक तस्करी के एक अनोखे और हाई-टेक तरीके का खुलासा किया है। मामला थाना कैराना क्षेत्र के गांव गंदराऊ का है, जहां से पुलिस ने करीब 4 करोड़ रुपये से अधिक कीमत की 4 किलो 102 ग्राम स्मैक बरामद की है। इस कार्रवाई में दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है, जो कूरियर सर्विस के माध्यम से नशे की सप्लाई की बड़ी चेन चला रहे थे। पूरे मामले की शुरुआत तब हुई जब पुलिस को एक मुखबिर से जानकारी मिली कि गांव गंदराऊ के एक मकान में भारी मात्रा में स्मैक रखी हुई है। सूचना मिलते ही एसओजी और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। दबिश के दौरान पुलिस को मकान के अंदर छिपाई गई स्मैक की बड़ी खेप बरामद हुई। बरामद स्मैक का वजन 4 किलो 102 ग्राम निकला, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 4 करोड़ रुपए से भी अधिक बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से दो तस्करों— गय्युर निवासी सनौली जिला हरियाणा और नवीन उर्फ धोनी निवासी गांव गंदराऊ थाना कैराना जिला शामली—को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों तस्करों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। तस्करों के अनुसार उनका संपर्क राजस्थान के रहने वाले विक्रम नामक व्यक्ति से था। विक्रम उनसे फोन पर बात करता था और कूरियर सर्विस के माध्यम से स्मैक की सप्लाई उनके पास भेजता था। तस्कर माल मिलने के बाद विक्रम के बैंक खाते में रकम जमा कर देते थे। इस खुलासे ने पुलिस को नशा तस्करी के उस नए नेटवर्क तक पहुंचा दिया है, जिसमें कूरियर सर्विस का इस्तेमाल करके बड़े राज्यों में नशे की सप्लाई की जा रही थी। पुलिस का कहना है कि तस्करी का यह तरीका बेहद चतुराई से तैयार किया गया था, ताकि पकड़े जाने का खतरा कम रहे और स्मैक को राज्यों की सीमाओं के पार आसानी से भेजा जा सके। शामली पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और अब पुलिस की टीम इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुट गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस सिंडिकेट में कितने और लोग जुड़े हैं और क्या इससे पहले भी कूरियर के माध्यम से ऐसे पैकेट शामली, हरियाणा और राजस्थान में भेजे जा चुके हैं। एसपी शामली ने बताया कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और इस तरह की बड़ी कार्रवाई यह साबित करती है कि पुलिस हर स्तर पर नशे के कारोबार के सफाए के लिए सक्रिय है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस गिरोह के बाकी सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया जाअगा ।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अन्य ख़बरें