पुखरायां में हर घर तिरंगा यात्रा का जोश, हाथों में तिरंगा लेकर निकले विद्यार्थी
हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत रामस्वरूप ग्राम उद्योग परास्नातक महाविद्यालय, पुखरायां, कानपुर देहात में राष्ट्रभक्ति एवं देशप्रेम की भावना को जागृत करने के उद्देश्य से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर हरीश कुमार सिंह ने हर घर तिरंगा यात्रा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में महाविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स एवं एनएसएस इकाई ने महाविद्यालय परिसर से पटेल चौक तक तिरंगा यात्रा निकाली।


तिरंगा यात्रा के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के नारों के साथ नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया। यात्रा के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य के साथ प्रो. गुप्ता, इग्नू समन्वयक डॉ पर्वत सिंह, एनसीसी प्रभारी लेफ्टिनेंट जितेंद्र कुमार, डॉ रमणीक श्रीवास्तव, डॉ प्रबल प्रताप सिंह तोमर, डॉ रविंद्र सिंह, डॉ निधि अग्रवाल, डॉ अंशुमान उपाध्याय, डॉ इदरीस खान, डॉ शिवनारायण यादव, संजय सिंह, आदित्य आदि शामिल रहे।

पटेल चौक पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर हरीश कुमार सिंह ने विद्यार्थियों एवं गणमान्य नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक याद करना हम सब का नैतिक दायित्व है। आज हम जिस स्वतंत्र एवं लोकतांत्रिक भारत में जीवन व्यतीत कर रहे हैं, वह हमारे महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर युवा पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
डॉ पर्वत सिंह ने अपने उद्बोधन में राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, संविधान के मूल्यों, देश की एकता-अखंडता तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया।

लेफ्टिनेंट जितेंद्र कुमार ने हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से प्रत्येक नागरिक को अपने घर पर तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सम्मान व्यक्त करने तथा राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं गौरव को बनाए रखने का संकल्प लिया।

