इग्नू में नए प्रवेश एवं पुनः पंजीकरण की अंतिम तिथि 16 अगस्त तक बढ़ी : डॉ. अनिल कुमार मिश्रा

0
file_00000000ede481fa975b850968359633

उच्च शिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने जुलाई 2026 सत्र में नए प्रवेश एवं पुनः पंजीकरण (Re-registration) की अंतिम तिथि बढ़ाकर 16 अगस्त 2026 कर दी है।

कस्बा पुखरायां स्थित रामस्वरूप ग्राम उद्योग परास्नातक महाविद्यालय में संचालित इग्नू अध्ययन केंद्र 27211 के समन्वयक डॉ. पर्वत सिंह ने बताया कि इग्नू क्षेत्रीय केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक एवं प्रमुख डॉ. अनिल कुमार मिश्रा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, माननीय कुलपति प्रो. उमा कांजी लाल ने विद्यार्थियों की मांग को ध्यान में रखते हुए प्रवेश एवं पुनः पंजीकरण की अंतिम तिथि 16 अगस्त 2026 तक विस्तारित कर दी है।

 

डॉ. अनिल कुमार मिश्रा ने कहा कि इग्नू ऐसा दूरस्थ शिक्षा विश्वविद्यालय है, जो समय की आवश्यकता एवं रोजगार बाजार की मांग के अनुरूप पाठ्यक्रम तैयार करता है। इससे विद्यार्थियों के कौशल का प्रभावी विकास होता है और उन्हें बेहतर रोजगार के अवसर प्राप्त होते हैं।

उन्होंने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया के लिए अभ्यर्थियों को सबसे पहले समर्थ पोर्टल पर अपनी एबीसी (ABC) आईडी जनरेट करनी होगी। इसके बाद ऑनलाइन पंजीकरण कर पता, शैक्षणिक अभिलेख, हस्ताक्षर एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने के पश्चात विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा।

इस अवसर पर डॉ. अनामिका सिन्हा ने बताया कि इग्नू में प्रवेश के लिए आयु की कोई सीमा नहीं है। साथ ही यूजीसी के दिशा-निर्देशों के अनुसार विद्यार्थी एक साथ दो पाठ्यक्रमों में भी अध्ययन कर सकते हैं।

डॉ. पर्वत सिंह ने जानकारी दी कि अध्ययन केंद्र 27211 पर स्नातक स्तर पर बीए, बीकॉम, बीए ऑनर्स एवं बीबीए, परास्नातक स्तर पर हिंदी, अंग्रेजी, समाजशास्त्र एवं अर्थशास्त्र के पाठ्यक्रम संचालित हैं। इसके अतिरिक्त ग्राम विकास, आपदा प्रबंधन, बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा, पोषण एवं स्वास्थ्य शिक्षा में डिप्लोमा तथा भोजन एवं पोषण एवं मार्गदर्शन जैसे विभिन्न प्रमाण-पत्र पाठ्यक्रम भी उपलब्ध हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए समय रहते प्रवेश एवं पुनः पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करें। अधिक जानकारी के लिए इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट अथवा इग्नू अध्ययन केंद्र 27211, रामस्वरूप ग्राम उद्योग परास्नातक महाविद्यालय, पुखरायां के कार्यालय से संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अन्य ख़बरें